पार्टी के प्रति सक्रिय भूमिका : मनोज नायडू को मिला एल्डरमैन का तोहफा

कटघोरा । छत्तीसगढ़ के नगरीय प्रशासन मंत्रालय ने बिलासपुर संभाग के 8 जिलों के सभी नगरीय निकायों के लिए एल्डरमैन की बहुप्रतीक्षित सूची जारी कर दी है। इस जारी आदेश के तहत कटघोरा नगर पालिका के लिए भी पार्षदों (एल्डरमैन) के नामों की घोषणा की गई है, जिसमें स्थानीय स्तर पर संगठन को मजबूत करने वाले कर्मठ एवं मृदुभाषी नेता मनोज कुमार नायडू को भी एल्डरमैन नियुक्त किया गया है। ज्ञात रहे कि मनोज नायडू पूर्व में भारतीय जनता युवा मोर्चा के मंडल अध्यक्ष के रूप में अपनी सेवाएं दे चुके हैं। इसके साथ ही उन्होंने संगठन के भीतर अनेक महत्वपूर्ण जवाबदारियों का कुशलतापूर्वक निर्वहन किया है। वे लगातार क्षेत्र में और पार्टी के जमीनी स्तर पर संगठन के कार्यों को लेकर सक्रिय रहे हैं। कटघोरा नगर पालिका क्षेत्र में मनोज नायडू की शुरू से ही प्रमुख भूमिका रही है। विधानसभा चुनाव से लेकर अन्य स्थानीय स्तर के चुनावों में उनकी मजबूत राजनीतिक पकड़ और कुशल चुनावी प्रबंधन का लाभ हमेशा संगठन को मिलता रहा है।
मनोज नायडू के एल्डरमैन बनने की खबर सामने आते ही उनके समर्थकों और स्थानीय कार्यकर्ताओं में भारी उत्साह देखा जा रहा है। लोगों का मानना है कि उनके आने से नगर पालिका के विकास कार्यों और प्रशासनिक तालमेल को और अधिक मजबूती मिलेगी।
