Googly News Korba

276 x 101 copy
Big Breaking News
कटघोरा

झोराघाट में फिर एक हादसा, इकलौते बेटे की डूबने से मौत

कटघोरा । कटघोरा थाना क्षेत्र के अंतर्गत झोरा घाट पिकनिक में पिकनिक मनाने गए एक युवक की नदी के गहरे पानी में डूबने से मौत हो गई। मृतक अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था, जिसकी मौत की खबर सुनते ही पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार मृतक कटघोरा मेन रोड निवासी  ताजुद्दीन का इकलौता पुत्र अलाउद्दीन आज अपने परिवार के साथ झोराघाट पिकनिक मनाने गए थे। परिवार के सभी सदस्य छुट्टी का आनंद ले रहे थे, तभी अलाउद्दीन नहाने के दौरान गहरे पानी की चपेट में आ गया। जब तक आसपास के लोग और परिजन उसे बचाने की कोशिश करते, वह पानी की गहराई में समा गया। काफी मशक्कत के बाद उसे बाहर निकाला गया ।
परिजन आनन-फानन में अलाउद्दीन को लेकर अस्पताल पहुंचे, जहाँ डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इसके बाद हरि कृष्ण हॉस्पिटल अस्पताल परिसर में भारी हंगामे की स्थिति निर्मित हो गई। परिजनों का आरोप है कि यदि अस्पताल में समय पर सही इलाज और आपातकालीन सुविधा मिल जाती, तो शायद उनके बेटे की जान बच सकती थी। आक्रोशित परिजनों और स्थानीय लोगों ने स्वास्थ्य व्यवस्था के प्रति अपनी नाराजगी जाहिर की, जिसके बाद मौके पर तनावपूर्ण स्थिति बनी रही।
इकलौते बेटे की असमय मौत ने परिवार को पूरी तरह तोड़ दिया है। अस्पताल परिसर में परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। कटघोरा पुलिस ने मामले की जानकारी मिलते ही जांच शुरू कर दी है और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
प्रशासन प्रत्येक वर्ष ऐसी घटनाओं के मद्देनजर सावधानी बरतने की हिदायत देते रहती है। ज्ञात हो कि झोराघाट में अक्सर जलस्तर बढ़ने और चट्टानों के बीच गहरे गड्ढे होने के कारण हादसे होते रहते हैं। प्रशासन ने एक बार फिर लोगों से अपील की है कि वे पिकनिक मनाते समय पानी के गहरे क्षेत्रों में जाने से बचें और सुरक्षा मानकों का ध्यान रखें।