Googly News Korba

276 x 101 copy
Big Breaking News
कटघोरा

तेंदूपत्ता तोड़ने गए ग्रामीणों पर भालू ने किया जानलेवा हमला

कटघोरा । जिले के पाली थाना अंतर्गत ग्राम भादा में तेंदूपत्ता तोड़ने गए दो ग्रामीणों पर भालू ने जानलेवा हमला कर दिया। हमले में सेवानिवृत पंचायत सचिव बृजपाल तंवर एवं धनसिंह धनुहार बुरी तरह जख्मी हो गए हैं। बताया जा रहा है कि घटना स्थल के आसपास अपने शावक के साथ नर और मादा भालू की मौजूदगी है।अपने बच्चे की सुरक्षा के प्रति सजग यह नर और मादा भालू किसी भी तरह का खतरा भांप कर हमला कर देते हैं।

स्थानीय ग्रामीणों ने बताया कि इस सीजन में वन उपज तेंदूपत्ता, चार, महुआ की पैदावार होती है। इन वनोंपजों का संग्रहण करने के लिए जहां ग्रामीण जंगल की ओर जाते हैं तो वहीं चार, महुआ जैसे फलों का सेवन करने के लिए भालू भी अपनी मांद से बाहर निकल आते हैं व जंगलों/झाड़ियों में बसेरा बना लेते हैं। जब कोई ग्रामीण असावधानीवश उनके आसपास फटकता है तो यह अपने ऊपर खतरा महसूस कर उस पर टूट पड़ते हैं। कुछ इसी तरह की घटना इन दोनों ग्रामीणों के साथ हुई जिसमें भालुओं ने मिलकर दोनों को बुरी तरह शरीर में जगह-जगह पर नोच दिया। चेहरा भी बुरी तरह से जख्मी हुआ है।
इस सीजन में भालू के हमले बढ़ जाते हैं इसलिए जंगल में वनोपजों का संग्रह करने के लिए जाते वक्त पूरी सावधानी और सुरक्षा का ध्यान रखना जरूरी है। संभव हो तो ग्रामीण अपने साथ कोई हथियार जैसे लाठी-डंडा भी रखें ताकि आपात स्थितियों में अपनी सुरक्षा कर सकें। अलग-अलग जाने की बजाय समूह में जाकर एक-दूसरे की निगरानी रखते हुए वन उपज का संग्रहण करें तो सामूहिक रूप से किसी भी आपात स्थिति का सामना कर सकेंगे।
फिलहाल, बुरी तरह जख्मी दोनों ग्रामीणों का उपचार अस्पताल में जारी है। वन विभाग द्वारा सूचना उपरांत अपनी औपचारिकताएं पूर्ण की जा रही है।