पटवारी ने निकाला रिश्वतखोरी का नायाब तरीका
दलाल के मोबाइल नंबर से लेन देन की बात

कटघोरा। जमीन रजिस्ट्री के लिए चौहद्दी बनाना हो या रजिस्ट्री के बाद ऋण पुस्तिका बनाना या फिर ऑनलाइन सुधारना या फौती नामांतरण इन सब कार्यों के एवज में पटवारियों के द्वारा किसानों से छोटी से लेकर बड़ी रकम की मांग रिश्वत के रूप में किया जाना आम बात हो गई है। आज के समय में बिरले ही कोई पटवारी हो जो बिना लिए दिए काम कर दे। दूसरी ओर यह भी सुनने को मिलता है कि आए दिन पटवारी आर्थिक अपराध अन्वेषण ब्यूरो के शिकार हो चुके हैं, इन पहलुओं को ध्यान में रख विजयपुर पटवारी अंकित द्विवेदी ने रिश्वत खोरी का यह नायाब तरीका निकाला है कि किसी को भी लेन देन की बात करनी हो तो इनके दलाल के नम्बर से बात करनी पड़ेगी जो पटवारी कार्यालय में लिखा देखा गया है।
कटघोरा विकासखंड अंतर्गत ग्राम विजयपुर पटवारी हल्का नम्बर 01 जिसमें आसपास के ग्राम मोहनपुर, आछीदादर , घुंचापुर, अमरपुर आदि आश्रित ग्राम हैं जिसमें अधिकांश गरीब आदिवासी लोग रहते है। इन भोले भाले लोगों को लूटने एवं सौदेबाजी करने के लिए ही पटवारी द्वारा कार्यालय के सामने अपने दलाल का नाम अंकित कराया है। पटवारी को उक्त नम्बर पर फोन लगाने से कथित दलाल के द्वारा फोन उठाया जाता है और मैं पटवारी बोल रहा हूं कहकर प्रत्येक काम में कितना खर्च आएगा इसकी खुलकर सौदेबाजी की जाती है। ऐसे पटवारी को हटाने की मांग ग्रामीण लगातार कर रहे हैं। नवपदस्थ कर्तव्यनिष्ठ अनुविभागीय अधिकारी राजस्व IAS तन्मय खन्ना के समक्ष ग्रामीण उपस्थित होकर इसकी शिकायत करने का मन बना लिए हैं।
