Skip to main content

Googly News Korba

276 x 101 copy
Big Breaking News
छत्तीसगढ़ न्यूज़

बालाजी मेडिकल कॉलेज हॉस्टल में MBBS छात्र की मौत, कमरे से नशीली दवाएं और इंजेक्शन मिलने से मचा हड़कंप

दोस्त के कमरे में औंधे मुंह मिला शव, फेंटानिल दवा मिलने की भी जानकारी; पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट का इंतजार, पुलिस आत्महत्या समेत कई एंगल से कर रही जांच

रायपुर। राजधानी रायपुर के पंडरी थाना क्षेत्र स्थित बालाजी मेडिकल कॉलेज के हॉस्टल में MBBS थर्ड ईयर के 21 वर्षीय छात्र की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान राजस्थान के अजमेर निवासी विनायक सैनी के रूप में हुई है। शुक्रवार रात छात्र का शव हॉस्टल की तीसरी मंजिल पर रहने वाले दोस्त के कमरे में मिला। पुलिस ने कमरे की जांच के दौरान नशीली दवाएं और इंजेक्शन बरामद किए हैं। एनेस्थीसिया में इस्तेमाल होने वाली फेंटानिल दवा मिलने की जानकारी भी सामने आई है। हालांकि, छात्र ने इसका सेवन किया था या नहीं, यह अभी स्पष्ट नहीं है।


घर से लौटने के बाद दोस्त के कमरे में गया था छात्र


पुलिस के मुताबिक, घटना वाले दिन विनायक घर से लौटकर कॉलेज पहुंचा था। इसके बाद वह अपने दोस्त के कमरे में चला गया। उसका दोस्त भी दो दिन पहले ही घर से वापस आया था। रात करीब 9 बजे दोस्त खाना खाने के लिए कमरे से बाहर गया। कुछ देर बाद जब वह वापस लौटा तो विनायक बेड पर औंधे मुंह पड़ा मिला।
अस्पताल पहुंचाने पर डॉक्टरों ने मृत घोषित किया
विनायक को कमरे में इस हालत में देखकर दोस्त ने अन्य छात्रों की मदद से उसे बालाजी अस्पताल पहुंचाया। यहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही पंडरी पुलिस मौके पर पहुंची और हॉस्टल के कमरे की जांच की।

नशीली दवाओं और इंजेक्शन की बरामदगी से बढ़ा संदेह


जांच के दौरान कमरे से नशीली दवाएं और इंजेक्शन मिलने की बात सामने आई है। पुलिस को एनेस्थीसिया में इस्तेमाल होने वाली फेंटानिल दवा मिलने की जानकारी भी मिली है। हालांकि, पुलिस अभी यह पुष्टि नहीं कर पाई है कि विनायक ने किसी नशीली दवा का सेवन किया था या नहीं। छात्र की मौत का वास्तविक कारण पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होगा।

दोस्तों से पूछताछ, आत्महत्या के एंगल से भी जांच


पंडरी पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। छात्र के दोस्तों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस विनायक के घर से लौटने के बाद की गतिविधियों और मौत से पहले की परिस्थितियों की जानकारी जुटा रही है। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि छात्र ने किसी नशीली दवा का सेवन किया था या नहीं। पुलिस आत्महत्या के एंगल से भी जांच कर रही है।