Skip to main content

Googly News Korba

276 x 101 copy
Big Breaking News
कोरबा न्यूज़

बंद कमरे में धुएं के बीच मिली 11वीं के छात्र की जली लाश, मौत से मचा हड़कंप

कोरबा। दीपका बस्ती में शुक्रवार सुबह एक दर्दनाक घटना सामने आई है। आत्मानंद स्कूल दीपका में कक्षा 11वीं में पढ़ने वाले 17 वर्षीय छात्र दिलीप कंवर की बंद कमरे में जलने से मौत हो गई। कमरे से धुआं निकलता देख परिजनों ने दरवाजा तोड़ा, तो अंदर छात्र गंभीर रूप से जली अवस्था में पड़ा मिला। घटना के बाद परिवार में मातम पसर गया। आग लगने की वजह अब तक स्पष्ट नहीं हो सकी है।


छत पर गई बड़ी मां की नजर धुएं पर पड़ी


जानकारी के अनुसार, शुक्रवार सुबह करीब साढ़े 10 बजे दिलीप की बड़ी मां घर की छत पर कपड़े सुखाने गई थीं। इसी दौरान उनकी नजर नीचे स्थित एक कमरे से निकल रहे धुएं पर पड़ी। उन्होंने तत्काल परिवार के अन्य सदस्यों को इसकी जानकारी दी।
परिजन दौड़कर कमरे के पास पहुंचे, लेकिन दरवाजा अंदर से बंद था। कमरे से लगातार धुआं निकल रहा था। इसके बाद परिजनों ने दरवाजा तोड़ दिया। अंदर का दृश्य देखकर सभी स्तब्ध रह गए। छात्र गंभीर रूप से जली अवस्था में पड़ा था। उसे बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।

कमरे से ऑयल पेंट और माचिस मिलने से बढ़ा रहस्य


घटना की सूचना मिलते ही दीपका थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू की। पुलिस को कमरे से ऑयल पेंट और माचिस मिलने की जानकारी सामने आई है। इन वस्तुओं सहित अन्य साक्ष्यों की जांच की जा रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।


मोबाइल ब्लास्ट या आत्महत्या? पुलिस जांच में जुटी


घटना के बाद आग लगने के कारण को लेकर कई तरह की चर्चाएं हैं। कुछ लोगों के बीच मोबाइल फोन फटने से आग लगने की आशंका जताई जा रही है, वहीं आत्महत्या की संभावना की भी चर्चा है। हालांकि पुलिस ने अभी किसी भी संभावना की पुष्टि नहीं की है।


सप्लीमेंट्री पास कर तीन दिन पहले ही शुरू किया था स्कूल जाना

पुलिस का कहना है कि आग लगने की वास्तविक वजह फॉरेंसिक जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी। फिलहाल सभी संभावनाओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है।


बताया जा रहा है कि दिलीप ने सप्लीमेंट्री परीक्षा पास करने के बाद करीब तीन दिन पहले ही दोबारा स्कूल जाना शुरू किया था। कुछ दिनों बाद उसकी अर्धवार्षिक परीक्षा होने वाली थी और वह तैयारी कर रहा था। उसके पिता एसईसीएल की बगदेवा खदान के ब्लास्टिंग विभाग में कार्यरत बताए गए हैं।
17 वर्षीय छात्र की अचानक हुई मौत से परिवार गहरे सदमे में है। मोहल्ले में भी शोक का माहौल है। पुलिस घटनास्थल से जुटाए गए साक्ष्यों, फॉरेंसिक जांच और और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर मौत की असली वजह पता लगाने में जुटी है।