हसदेव नदी हादसा: 18 घंटे बाद मिला एक छात्र का शव, दो अब भी लापता

जांजगीर-चांपा। हसदेव नदी में बहे बिलासपुर के चौकसे कॉलेज के तीन छात्रों में से एक का शव करीब 18 घंटे बाद बरामद कर लिया गया है। नगर सैनिकों और गोताखोरों की टीम ने रेस्क्यू ऑपरेशन चलाकर पवन लाल का शव नदी से बाहर निकाला। वहीं सचिन और मुरारी की तलाश अब भी जारी है।
सेल्फी लेने के दौरान हुआ हादसा
जानकारी के मुताबिक, बिलासपुर के चौकसे कॉलेज के 8 छात्र-छात्राएं शुक्रवार को पिकनिक मनाने देवरी गांव पहुंचे थे। इसी दौरान नदी किनारे सेल्फी लेने के दौरान एक छात्र का पैर फिसल गया और वह नदी में जा गिरा। उसे बचाने के लिए दो अन्य छात्र भी नदी में कूद गए। तेज बहाव के कारण तीनों नदी में बह गए।
सुबह से जारी है रेस्क्यू ऑपरेशन
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन और रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची और नदी में तलाश शुरू की। करीब 18 घंटे की मशक्कत के बाद पवन लाल का शव बरामद किया गया। वहीं दो अन्य छात्रों सचिन और मुरारी की तलाश में सुबह से रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है।
