Skip to main content

Googly News Korba

276 x 101 copy
Big Breaking News
कटघोरा

बांगो बांध के सातों गेट खुले : खुले गेट की ओर युवक ने लगाई छलांग

कटघोरा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले के बांगो थाना क्षेत्र से बड़ी और चिंताजनक खबर सामने आई है। मिनीमाता हसदेव बांगो बांध में एक 23 वर्षीय युवक ने खुले गेट की ओर छलांग लगा दी। तेज बहाव में बहने के बाद युवक लापता हो गया है। घटना 15 अगस्त की है, हादसे के समय बांध के 7 गेट खुले हुए थे और करीब 25 हजार क्यूसेक पानी छोड़ा जा रहा था।

घटना का लाइव वीडियो भी सामने आया है, जिसमें छलांग लगाने के बाद युवक कुछ देर तक पानी में तैरता नजर आ रहा है। इसके बाद तेज बहाव के चलते वह पानी में दिखाई देना बंद हो गया। घटना की सूचना मिलते ही बांगो पुलिस और नगर सेना की टीम मौके पर पहुंची और युवक की तलाश के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया।

जानकारी के मुताबिक, रंजीत यादव (23) पाली थाना क्षेत्र के चैतमा गांव का रहने वाला है। शनिवार को वह अपने तीन दोस्तों के साथ मिनीमाता हसदेव बांगो बांध घूमने पहुंचा था। सभी लोग गार्डन के पास खड़े होकर बांध और पानी का नजारा देख रहे थे।

बताया जा रहा है कि इसी दौरान रंजीत के दोस्त उससे कुछ दूरी पर चले गए। दोस्तों के दूर जाते ही रंजीत अचानक गार्डन की रेलिंग पर चढ़ गया और देखते ही देखते बांध के खुले गेट की दिशा में छलांग लगा दी।
छलांग लगाने के बाद रंजीत कुछ समय तक पानी में तैरता हुआ दिखाई दिया। लेकिन बांध से करीब 25 हजार क्यूसेक पानी छोड़े जाने के कारण पानी का बहाव बेहद तेज था। कुछ ही देर बाद रंजीत तेज धार में बह गया और आंखों से ओझल हो गया।

घटना की जानकारी मिलते ही बांगो पुलिस मौके पर पहुंची। थाना प्रभारी निरीक्षक दुर्गेश वर्मा पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और रेस्क्यू अभियान शुरू कराया। युवक के परिजन भी घटनास्थल पर मौजूद है।

बांध प्रशासन ने जारी की थी चेतावनी
गौरतलब है कि बांगो बांध के गेट खुले होने के चलते बांध प्रशासन की ओर से लोगों को पहले ही चेतावनी जारी की गई थी। लोगों से बांध के आसपास नहीं जाने और जलधारा के करीब न पहुंचने की अपील की गई थी। इसके बावजूद युवक के खुले गेट की ओर छलांग लगाने की घटना सामने आई है।

कोरबा बांगो बांध हादसा, बांगो डैम में युवक लापता, कोरबा न्यूज, हसदेव बांगो बांध, बांगो बांध रेस्क्यू ऑपरेशन और LIVE VIDEO से जुड़ी इस घटना में रेस्क्यू टीम की तलाश जारी है।