NH-130 पर हुए दर्दनाक सड़क हादसे पर दो युवकों की मौत, एक गंभीर घायल

कटघोरा । पाली थाना क्षेत्र अंतर्गत चैतमा स्थित चेतन डिस्पोजल फैक्ट्री के पास बुधवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। अनियंत्रित अर्टिगा कार और बाइक के बीच हुई आमने-सामने की जोरदार भिड़ंत में बाइक सवार दो युवकों की मौत हो गई, जबकि एक अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, तीनों युवक एक ही बाइक पर सवार होकर जा रहे थे। इसी दौरान चेतन डिस्पोजल फैक्ट्री के पास सामने से आ रही अर्टिगा कार से उनकी सीधी टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक के परखच्चे उड़ गए और तीनों युवक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों ने मानवता का परिचय देते हुए घायलों को उपचार के लिए कटघोरा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। यहां प्राथमिक उपचार के दौरान डॉक्टरों ने दो युवकों को मृत घोषित कर दिया। तीसरे युवक की हालत बेहद नाजुक बताई जा रही है, जिसे प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है।
हादसे की सूचना मिलते ही पाली थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त अर्टिगा कार एवं बाइक को कब्जे में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई प्रारंभ कर दी है। मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है तथा उनके परिजनों को सूचना दे दी गई है।
इस हृदयविदारक हादसे के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है। स्थानीय लोगों ने NH-130 पर बढ़ते सड़क हादसों पर चिंता जताते हुए यातायात सुरक्षा के लिए प्रभावी कदम उठाने की मांग की है।
