Googly News Korba

276 x 101 copy
Big Breaking News
बिलासपुर

गैरेज में खड़ी पांच कारें जलकर खाक ट्रांसपोर्ट नगर की घटना

बिलासपुर। शहर में जहां एक ओर होली के मद्देनजर गली-मोहल्लों में लकड़ी की होली जलाने की तैयारियां चल रही थीं, वहीं दूसरी ओर परसदा स्थित ट्रांसपोर्ट नगर क्षेत्र में आगजनी की बड़ी घटना सामने आई। कचरे के ढेर में लगी आग फैलते हुए ओम साईं गैरेज तक पहुंच गई, जिससे गैरेज में खड़ी पांच कारें जलकर राख हो गईं। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। दमकल और एसडीआरएफ की तत्परता से आग पर काबू पाया जा सका। गैरेज संचालक पीडी नायडू के अनुसार, सोमवार 2 मार्च की रात करीब 8 बजे वे रोजाना की तरह अपना गैरेज बंद कर घर चले गए थे। इसी दौरान गैरेज के पास पड़े कचरे के ढेर में किसी ने आग लगा दी। शुरुआती स्तर पर आग पर काबू नहीं पाया गया और लपटें धीरे-धीरे फैलते हुए गैरेज परिसर तक पहुंच गईं।कुछ ही देर में आग ने विकराल रूप ले लिया और गैरेज के अंदर कतार में खड़ी पांच कारों को अपनी चपेट में ले लिया। देखते ही देखते सभी गाड़ियां धू-धू कर जलने लगीं। आग की तेज लपटों और उठते धुएं से आसपास के लोगों में दहशत फैल गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस और गैरेज संचालक को सूचना दी। सूचना मिलते ही गैरेज संचालक मौके पर पहुंचे। साथ ही एसडीआरएफ की टीम दमकल वाहनों के साथ घटनास्थल पर पहुंची। कड़ी मशक्कत के बाद दमकल कर्मियों ने पानी की बौछार कर आग पर काबू पाया। हालांकि तब तक गैरेज में खड़ी पांचों कारें पूरी तरह जल चुकी थीं। प्रारंभिक जांच में आग की वजह कचरे में लगाई गई आग को माना जा रहा है, लेकिन पुलिस पूरे मामले की विस्तृत जांच कर रही है। यह भी देखा जा रहा है कि आग जानबूझकर लगाई गई या लापरवाही का परिणाम थी। गौरतलब है कि पिछले दो दिनों में आग लगने की यह दूसरी बड़ी घटना है।
इससे पहले शनिवार रात मंगला क्षेत्र स्थित एक अपार्टमेंट की पार्किंग में बनाए गए इलेक्ट्रॉनिक सामान के गोदाम में भी आग लग गई थी। उस घटना में गोदाम में रखा पूरा सामान जलकर नष्ट हो गया था। पुलिस ने उस मामले में गोदाम संचालक के खिलाफ मामला दर्ज किया है। लगातार हो रही आगजनी की घटनाओं से शहरवासियों में चिंता बढ़ गई है। खासकर होली के समय जब विभिन्न स्थानों पर लकड़ी और अन्य ज्वलनशील सामग्री इकट्ठा की जाती है, ऐसे में सतर्कता बेहद जरूरी हो जाती है। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि कचरे या खुले स्थानों पर आग न लगाएं और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तुरंत सूचना पुलिस या दमकल विभाग को दें। इस घटना में किसी जनहानि की सूचना नहीं है, लेकिन आर्थिक नुकसान काफी बड़ा बताया जा रहा है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है।