शादी की सालगिरह मनाकर लौट रहे चार लोगों की मौत: दो चारपहिया वाहनों की जोरदार टक्कर

बिलासपुर: छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया है। सड़क दुर्घटना में चार लोगों की मौत हो गई तथा एक अन्य गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना सकरी थाना क्षेत्र के अंतर्गत सम्बलपुरी गांव के निकट हुई है। रॉग साइड से आ रहे ट्रक ने एक तेज रफ्तार स्कॉर्पियो को टक्कर मार दी जिससे दो लोगों की मौत हो गई।
हादसे की जानकारी पुलिस अधिकारियों ने दी। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जिले के सकरी थाना क्षेत्र के अंतर्गत सम्बलपुरी गांव के निकट गुरुवार-शुक्रवार देर रात को एक ट्रक और स्कॉर्पियो के बीच हुई टक्कर हुई। इस घटना में स्कॉर्पियो सवार छत्रपाल रात्रे, विशाल लहरे, अनमोल लहरे और सोनू मिरी की मौत हो गई तथा प्रकाश रात्रे गंभीर रूप से घायल हो गया।
ये सभी मुंगेली और बिलासपुर जिले के रहने वाले थे। यह लोग अपने एक रिश्तेदार के विवाह की 25वीं वर्षगांठ के कार्यक्रम में शामिल होने के लिए सकरी थाना क्षेत्र स्थित एक ढाबे में गए थे। कार्यक्रम के बाद सभी लोग वापस अपने गांव लौट रहे थे तब कुछ दूरी पर एक ट्रक ने उनके वाहन को अपनी चपेट में ले लिया। घटना में गाड़ी सवार चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई तथा एक अन्य गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस दल को घटनास्थल भेजा गया। अधिकारियों ने बताया कि इस घटना में स्कॉर्पियो पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई है। मारे गए लोग और घायल वाहन के भीतर फंसे हुए थे। वाहन के हिस्सों को गैस कटर की मदद से काटकर शवों और घायल व्यक्ति को बाहर निकाला गया तथा उन्हें अस्पताल भेजा गया।
