Googly News Korba

276 x 101 copy
Big Breaking News
छत्तीसगढ़ न्यूज़

सड़क हादसे में पिता-पुत्र की मौत

लोरमी। मुंगेली जिले के लोरमी थाना क्षेत्र अंतर्गत जूनापारा चौकी के ग्राम चोरहागांव के पास मंगलवार दोपहर एक भीषण सड़क हादसे में बाइक सवार पिता और पुत्र की मौत हो गई। यह दर्दनाक दुर्घटना दोपहर करीब डेढ़ से दो बजे के बीच मुख्य मार्ग पर हुई, जब उनकी बाइक चावल से लदे एक ट्रक से टकरा गई। हादसे के बाद दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए थे, जिन्हें तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन इलाज के दौरान दोनों ने दम तोड़ दिया। पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार मृतकों की पहचान ग्राम  टेकनपारा निवासी हरिराम ध्रुव (55 वर्ष) और उनके पुत्र प्रमोद ध्रुव के रूप में हुई है। दोनों किसी काम से बाइक पर सवार होकर लोरमी की ओर जा रहे थे। इसी दौरान चोरहागांव के पास मुख्य सड़क पर सामने से आ रहे चावल लदे ट्रक से उनकी बाइक की जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक के परखच्चे उड़ गए और दोनों सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास मौजूद ग्रामीण तत्काल घटनास्थल पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। जूनापारा चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से दोनों घायलों को लोरमी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। यहां डॉक्टरों ने जांच के बाद हरिराम ध्रुव को मृत घोषित कर दिया। वहीं प्रमोद ध्रुव की हालत अत्यंत गंभीर बनी हुई थी, जिसे प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर किया गया। दुर्भाग्यवश जिला अस्पताल ले जाते समय रास्ते में ही प्रमोद ने भी दम तोड़ दिया। पिता-पुत्र की एक साथ मौत की खबर जैसे ही गांव पहुंची, परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस ने दुर्घटना के बाद चावल से लदे ट्रक और क्षतिग्रस्त बाइक को जब्त कर जूनापारा चौकी में सुरक्षित खड़ा करा दिया है। ट्रक चालक के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने का मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस द्वारा दुर्घटना के कारणों की विस्तृत जांच की जा रही है, जिसमें ट्रक की गति, सड़क की स्थिति और अन्य पहलुओं को खंगाला जा रहा है। जूनापारा चौकी प्रभारी संजीव ठाकुर ने बताया कि इस हादसे में पिता-पुत्र दोनों की मौत हो गई है। पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई पूरी कर दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इस हादसे ने एक बार फिर तेज रफ्तार और सड़क सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से इस मार्ग पर यातायात नियंत्रण और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने की मांग की है।