कुख्यात तस्कर मुकेश बनिया का पकड़ाया लाखों का गांजा, नेटवर्क का एक हिस्सा उत्तम दीप गिरफ्तार

रायपुर। राजधानी में गांजा तस्करी का नेटवर्क लगातार बड़ा होता जा रहा है। सूत्रों के अनुसार, हाल ही में गिरफ्तार किए गए उत्तम दीप का कनेक्शन कुख्यात गांजा कारोबारी मुकेश बनिया से जुड़ा हुआ है। जानकारी मिली है कि उत्तम दीप, मुकेश बनिया के लिए ही लाखों रुपए का गांजा लेने गया था। क्राइम ब्रांच की टीम ने मुखबिर की सूचना पर भाठागांव बस स्टैंड के पास से उत्तम दीप को गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से भारी मात्रा में गांजा जब्त किया गया है। सूत्रों का दावा है कि शहर भर में मुकेश बनिया के गुर्गे सक्रिय हैं, जो लाखों रुपए की गांजा डीलिंग को अंजाम दे रहे हैं। पुलिस सूत्र बताते हैं कि उत्तम दीप, मुकेश बनिया के नेटवर्क का सिर्फ एक हिस्सा है। इसके जरिए गांजा सप्लाई की डिलीवरी की जाती थी। वहीं, क्राइम ब्रांच इस पूरे नेटवर्क को तोड़ने के लिए अब मुकेश बनिया और उसके अन्य साथियों की तलाश तेज कर चुकी है। रायपुर और आसपास के इलाकों में गांजा की बढ़ती सप्लाई ने पुलिस और प्रशासन की चिंता बढ़ा दी है। यह गिरोह नशे की आपूर्ति को संगठित तरीके से अंजाम दे रहा है। आने वाले दिनों में इस मामले में और भी चौंकाने वाले खुलासे हो सकते हैं।
राजधानी में नशीले पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना सिविल लाइन पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए खादी भंडार, पंडरी इलाके से एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से 11.174 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ है, जिसकी बाजार में कीमत करीब 1 लाख 10 हजार 500 रुपये आंकी गई है। इस मामले में मुख्य आरोपी के साथ-साथ दो अन्य लोगों के नाम भी सामने आए हैं, जिनकी तलाश जारी है। कार्रवाई एनडीपीएस एक्ट की धारा 20 (बी) और 27 (क) के तहत की गई है।
मुखबिर की सूचना पर दबिश जानकारी के अनुसार, थाना सिविल लाइन में पदस्थ उपनिरीक्षक चित्ररेखा साहू को ईद मिलादुन्नबी ड्यूटी के दौरान मुखबिर से सूचना मिली थी कि पंडरी स्थित खादी भंडार के पास एक युवक ग्राहक की तलाश में गांजा बेचने की फिराक में घूम रहा है। युवक के पास ग्रे रंग का छींटदार बैग था, जिसमें नशीला पदार्थ रखा हुआ था। सूचना को रोजनामचा में दर्ज करने के बाद पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची। स्वतंत्र गवाहों की मौजूदगी में युवक को घेराबंदी कर पकड़ा गया। पूछताछ में उसकी पहचान उत्तम दीप पिता जागेश्वर दीप उर्फ बबलू (उम्र 22 वर्ष, निवासी तरुण नगर, सिविल लाइन, रायपुर) के रूप में हुई।
आरोपी से मिला 11 किलो गांजा गवाहों के सामने आरोपी की तलाशी ली गई, जिसमें उसके पास मौजूद ग्रे रंग के छींटदार बैग से भूरे रंग के टेप में पैक गांजा के पांच पैकेट बरामद हुए। कुल वजन 11.174 किलोग्राम पाया गया। पुलिस ने इसे सीलबंद कर जब्त किया। बरामद गांजा की अनुमानित कीमत ₹1,10,500 बताई गई है। पुलिस ने आरोपी से जब दस्तावेज मांगे, तो वह कोई वैध कागजात प्रस्तुत नहीं कर पाया। पूछताछ में सामने आया बड़ा नेटवर्क पुलिस पूछताछ में आरोपी उत्तम दीप ने खुलासा किया कि वह यह गांजा उड़ीसा के भवानीपटना से लाकर रायपुर में बेचता था। उसने बताया कि यह काम वह सिल्लू मिश्रा और अविनाश मंदानी, दोनों निवासी झंडा चौक, पंडरी के कहने पर करता था। आरोपी ने यह भी स्वीकार किया कि हर किलो गांजा लाने पर उसे ₹1,000 कमीशन मिलता था, साथ ही आने-जाने का खर्च भी दिया जाता था। इस तरह वह लंबे समय से इस नेटवर्क के साथ जुड़ा हुआ था। पुलिस ने तैयार किया केस, आरोपी गिरफ्तार घटना स्थल पर ही गवाहों की मौजूदगी में मौके का नक्शा तैयार किया गया और आरोपी को विधिवत गिरफ्तार किया गया। उसके कब्जे से बरामद गांजा को सील कर सुरक्षित रखा गया है। सिविल लाइन थाना पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 00/2025 दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है। मुख्य आरोपी उत्तम दीप के साथ-साथ सिल्लू मिश्रा और अविनाश मंदानी को भी आरोपी बनाया गया है। दोनों फरार हैं और उनकी तलाश के लिए पुलिस टीम छापेमारी कर रही है। पुलिस की अपील पुलिस अधिकारियों ने बताया कि शहर में मादक पदार्थों की अवैध तस्करी और खपत को रोकने के लिए लगातार कार्रवाई की जा रही है। आम नागरिकों से भी अपील है कि वे इस तरह के संदिग्ध व्यक्तियों और गतिविधियों की सूचना तुरंत पुलिस को दें। लगातार बढ़ रहा गांजा का कारोबार राजधानी रायपुर और आसपास के जिलों में बीते कुछ महीनों से गांजा और अन्य नशीले पदार्थों की तस्करी की घटनाएं बढ़ी हैं। पुलिस की कड़ी कार्रवाई के बावजूद कई छोटे-बड़े नेटवर्क सक्रिय हैं। खासकर उड़ीसा से रायपुर और दुर्ग-भिलाई में गांजा की सप्लाई की जाती रही है। इस तरह की तस्करी में अक्सर स्थानीय युवाओं को पैसे का लालच देकर शामिल कर लिया जाता है। यही कारण है कि एनडीपीएस एक्ट के तहत गिरफ्तारी की संख्या बढ़ रही है, लेकिन मांग और खपत पर रोक नहीं लग पा रही है। पुलिस ने साफ कहा है कि नशे के खिलाफ उनकी जंग लगातार जारी रहेगी। आने वाले दिनों में और भी सघन अभियान चलाया जाएगा। इस मामले में पकड़े गए आरोपी से मिली जानकारी के आधार पर अब नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों को भी पकड़ा जाएगा।
