बिलासपुर तारबहार थाना क्षेत्र का मामला : तालाब में तैरता मिला युवक का शव

बिलासपुर। तारबाहर थाना क्षेत्र में बुधवार की सुबह उस वक्त सनसनी फैल गई, जब डीपूपारा तालाब में एक युवक का शव तैरते हुए दिखाई दिया। तालाब पर पहुंचे स्थानीय लोगों ने इसकी सूचना तत्काल पुलिस को दी। सूचना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची, जहां शव को बाहर निकलवाया गया और पंचनामा कार्रवाई पूरी कर पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेज दिया गया। मृतक की पहचान रिजवान खान (44) पिता मोहम्मद शमी खान, निवासी तारबाहर बस्ती, के रूप में की गई है। परिवारजनों ने बताया कि रिजवान 24 नवंबर से घर से लापता था। अचानक गायब हो जाने के बाद परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की, लेकिन जब कोई सुराग नहीं मिला, तो तारबाहर थाना में उसकी गुमशुदगी दर्ज कराई गई थी।
रिजवान के गायब होने के बाद उसके परिवार वाले लगातार उसकी खोजबीन में लगे थे। लेकिन बुधवार सुबह तालाब से शव मिलने की खबर ने पूरे परिवार को टूटकर रख दिया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने उनसे बातचीत कर पूरी घटना की जानकारी जुटाई है। डूबने से मौत की आशंका, शरीर पर नहीं मिले चोट के निशान पुलिस की प्राथमिक जांच में रिजवान की मौत को डूबने से हुआ हादसा माना जा रहा है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार मृतक के शरीर पर किसी प्रकार के घाव, चोट या संदिग्ध निशान नहीं मिले हैं। न ही किसी मारपीट या संघर्ष के संकेत दिखाई दे रहे हैं। इन परिस्थितियों को देखते हुए पुलिस का अनुमान है कि युवक किसी कारणवश तालाब में चला गया होगा और डूबने से उसकी मौत हो गई। हालांकि, पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अंतिम निष्कर्ष पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही निकाला जाएगा। हालांकि मामला सीधे-सीधे हादसा नजर आ रहा है, लेकिन यह भी जांच का विषय है कि रिजवान दो दिन से कहां था और किस परिस्थिति में वह तालाब के पास पहुंचा। पुलिस इस पहलू की भी जांच कर रही है कि उसकी मौत समय पर हुई या फिर उसे किसी और स्थान से लाकर तालाब में डाला गया। फिलहाल पुलिस ने मर्ग कायम कर आगे की जांच शुरू कर दी है। आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है और रिजवान के मोबाइल लोकेशन तथा उसके अंतिम मूवमेंट को ट्रेस करने की कोशिश की जा रही है। घटना के बाद क्षेत्र में शोक और चिंता का माहौल है, वहीं पुलिस मामले को संवेदनशीलता के साथ जांच कर रही है। परिवारजन भी पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रहे हैं, जिससे मौत की परिस्थितियों का पूरा सच सामने आ सकेगा।
