Googly News Korba

276 x 101 copy
Big Breaking News
पोड़ी उपरोड़ा

कलेक्टर का औचक निरीक्षण : पोड़ी उपरोड़ा तहसील में बिखरा पड़ा मिला जरूरी रिकॉर्ड

कोरबा । कलेक्टर अजीत वसंत ने पोड़ी उपरोड़ा तहसील कार्यालय का औचक निरीक्षण किया, निरीक्षण के दौरान उन्होंने तहसील की विभिन्न कोर्ट शाखाओं, रिकॉर्ड रूम और राजस्व से जुड़े कक्षों का बारीकी से जायजा लिया , इस दौरान कई शाखाओं में रिकॉर्ड और प्रक्रियाओं के सुव्यवस्थित न होने की स्थिति सामने आई ।


कलेक्टर ने पाया कि कई महत्वपूर्ण दस्तावेज ठीक ढंग से व्यवस्थित नहीं किए गए हैं, जिससे कामकाज की गति प्रभावित हो रही है, उन्होंने संबंधित अधिकारियों को नाराजगी व्यक्त करते हुए तुरंत सुधार करने के निर्देश दिए । उन्होंने कहा कि तहसील कार्यालय जनता और किसानों के कार्यों का केंद्र है, इसलिए यहाँ रिकॉर्ड और प्रक्रियाओं का सुव्यवस्थित होना बेहद आवश्यक है

निरीक्षण के दौरान यह भी सामने आया कि पोड़ी उपरोड़ा जिले का सबसे बड़ा विकासखंड है, लेकिन  इसके बावजूद भी यहाँ लंबे समय से स्टाफ की भारी कमी बनी हुई है इसका सीधा असर किसानों और ग्रामीणों के जरूरी कामों पर पड़ रहा है। कई राजस्व मामले  लंबे समय से लंबित होने के कारण जनता को परेशानी उठानी पड़ रही है ।कलेक्टर ने इस समस्या को गंभीरता से लेते हुए कहा कि स्टाफ की कमी को जल्द दूर किया जाएगा ।उन्होंने अधिकारियों को आश्वस्त किया कि आवश्यक पदों पर जल्द ही नियुक्ति या पदस्थापना की व्यवस्था की जाएगी, ताकि जनहित के कार्य प्रभावित न हों ।

तहसील निरीक्षण के बाद कलेक्टर वसंत धान खरीदी केंद्र पहुंचे, जहां उन्होंने व्यवस्था, तौल प्रक्रिया, भंडारण, टोकन व्यवस्था और किसानों की सुविधा से जुड़े पहलुओं का निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि किसानों को किसी भी तरह की दिक्कत न हो और पारदर्शी तरीके से धान खरीदी की जाए ।औचक निरीक्षण के समय पोड़ी SDM, तहसीलदार, नायब तहसीलदार, राजस्व निरीक्षक तथा राजस्व विभाग का पूरा अमला मौजूद रहा ।