Skip to main content

Googly News Korba

276 x 101 copy
Big Breaking News
बिलासपुर

बिलासपुर में नशे के सौदागरों पर पुलिस का शिकंजा, घर से 20 लाख की नशीली दवाएं बरामद

पिता-पुत्र समेत तीन गिरफ्तार, 4750 कैप्सूल-टैबलेट जब्त; सीपत के गुड़ी गांव में एसीसीयू और पुलिस की संयुक्त कार्रवाई

बिलासपुर। नशीली दवाओं के अवैध कारोबार के खिलाफ बिलासपुर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए सीपत थाना क्षेत्र के ग्राम गुड़ी में एक मकान से 4,750 प्रतिबंधित नशीले कैप्सूल और टैबलेट बरामद किए हैं। जब्त दवाओं की कीमत करीब 20 लाख रुपये बताई जा रही है। पुलिस ने मामले में पिता-पुत्र समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। जब्त दवाओं का कुल वजन 2,495.64 ग्राम बताया गया है।

घर में छिपाकर रखा था नशे का सामान

पुलिस के अनुसार, एसीसीयू को सूचना मिली थी कि ग्राम गुड़ी निवासी उग्रसेन लोनिया अपने बेटे मुकेश लोनिया और रिश्तेदार परमेश्वर लोनिया के साथ मिलकर दूसरे राज्य से प्रतिबंधित नशीली दवाएं मंगाकर बेचने की तैयारी कर रहा है। सूचना के बाद वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में एसीसीयू और सीपत थाना पुलिस की संयुक्त टीम गठित की गई।
टीम ने ग्राम गुड़ी स्थित उग्रसेन लोनिया के घर पर दबिश दी। तलाशी के दौरान पुलिस को प्रॉक्सिको स्पास कैप्सूल और अल्प्राविन टैबलेट की बड़ी खेप मिली। मौके से कुल 4,750 कैप्सूल और टैबलेट जब्त किए गए।

तीनों आरोपियों पर एनडीपीएस एक्ट में मामला दर्ज

पुलिस का कहना है कि आरोपियों के पास दवाओं को रखने या बेचने से संबंधित कोई वैध दस्तावेज अथवा चिकित्सकीय पर्चा नहीं मिला। इसके बाद उग्रसेन लोनिया, मुकेश कुमार लोनिया और परमेश्वर लोनिया उर्फ कोंदा को गिरफ्तार कर लिया गया।
तीनों आरोपी ग्राम गुड़ी लोनियापारा के निवासी बताए गए हैं। पुलिस के मुताबिक, मुकेश लोनिया पूर्व में भी नारकोटिक्स एक्ट से जुड़े एक मामले में गिरफ्तार हो चुका है।

सप्लाई नेटवर्क खंगाल रही पुलिस

मामले में एनडीपीएस एक्ट की धारा 21(सी), 22(सी) और 29 के तहत कार्रवाई की गई है। पुलिस अब नशीली दवाओं की पूरी सप्लाई चेन का पता लगाने में जुटी है। दवाएं कहां से लाई गईं और किन लोगों तक पहुंचाई जानी थीं, इसकी जांच की जा रही है।