नगर निगम में ACB का बड़ा एक्शन: ₹10 हजार की रिश्वत लेते कर्मचारी रंगे हाथ गिरफ्तार, सामान्य सभा के बीच मचा हड़कंप

बिलासपुर। नगर निगम कार्यालय में शुक्रवार को उस वक्त हड़कंप मच गया, जब एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) की टीम ने सम्पदा शाखा में पदस्थ कर्मचारी लक्ष्मीकांत कोका को कथित तौर पर 10 हजार रुपए की रिश्वत लेते रंगे हाथ पकड़ लिया। कार्रवाई के दौरान निगम में सामान्य सभा की बैठक चल रही थी। ऐसे में ACB की अचानक दबिश से पूरे कार्यालय में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
जानकारी के मुताबिक, राजकिशोर नगर निवासी एक व्यक्ति अपने मकान के नवीनीकरण से संबंधित काम के लिए नगर निगम पहुंचा था। उसका काम सम्पदा शाखा से जुड़ा हुआ था। आरोप है कि काम को आगे बढ़ाने और प्रक्रिया पूरी कराने के एवज में कर्मचारी ने उससे 10 हजार रुपए रिश्वत की मांग की थी।
शिकायत के बाद बनाई ट्रैप की योजना
रिश्वत की मांग से परेशान शिकायतकर्ता ने मामले की जानकारी ACB को दी। शिकायत मिलने के बाद अधिकारियों ने आरोपों का सत्यापन किया। शिकायत की पुष्टि होने पर ACB ने कर्मचारी को रिश्वत लेते रंगे हाथ पकड़ने के लिए ट्रैप की योजना तैयार की।
योजना के मुताबिक शुक्रवार को शिकायतकर्ता रकम लेकर निगम कार्यालय पहुंचा। ACB की टीम भी आसपास तैनात रही और पूरे घटनाक्रम पर नजर रखी।
रकम लेते ही ACB ने दबोचा
बताया जा रहा है कि जैसे ही कर्मचारी लक्ष्मीकांत कोका ने शिकायतकर्ता से 10 हजार रुपए की रिश्वत की रकम ली, ACB की टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए उसे रंगे हाथ पकड़ लिया। इसके बाद टीम ने रिश्वत की रकम और मामले से जुड़े दस्तावेजों की जांच शुरू कर दी।
सामान्य सभा के बीच पहुंची ACB टीम
ACB की कार्रवाई उस समय हुई, जब नगर निगम में सामान्य सभा की बैठक चल रही थी। निगम परिसर में बड़ी संख्या में अधिकारी और कर्मचारी मौजूद थे। इसी दौरान ACB की कार्रवाई की खबर फैलते ही निगम में चर्चाओं का दौर शुरू हो गया।
फिलहाल ACB की टीम आरोपी कर्मचारी से पूछताछ कर रही है। मकान नवीनीकरण के काम, रिश्वत की मांग और उससे जुड़े दस्तावेजों की जांच की जा रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
