छत्तीसगढ़ में 6,812 शिक्षकीय पदों पर भर्ती, सहायक शिक्षक की परीक्षा 11 अक्टूबर को

रायपुर। छत्तीसगढ़ के शासकीय स्कूलों और स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालयों में शिक्षकीय पदों पर भर्ती की प्रक्रिया जारी है। कुल 6,812 पदों पर भर्ती की जाएगी। इनमें शासकीय विद्यालयों के 5,000 नियमित पद और स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालयों के 1,812 संविदा पद शामिल हैं।
शासकीय स्कूलों में नियमित भर्ती छत्तीसगढ़ कर्मचारी चयन मंडल के माध्यम से प्रतियोगी परीक्षा के जरिए होगी। 5,000 पदों में सहायक शिक्षक के 2,292, सहायक शिक्षक विज्ञान (प्रयोगशाला) के 200, शिक्षक के 1,654 और व्याख्याता के 854 पद शामिल हैं। इनमें ई-संवर्ग के 2,227 और टी-संवर्ग के 2,773 पद हैं।
परीक्षा की तारीखें घोषित
घोषित कार्यक्रम के अनुसार सहायक शिक्षक पदों की लिखित परीक्षा 11 अक्टूबर 2026 को आयोजित की जाएगी। इसके बाद शिक्षक पद की परीक्षा 25 अक्टूबर 2026 को होगी। वहीं व्याख्याता पद की परीक्षा 29 नवंबर 2026 को आयोजित की जाएगी। सहायक शिक्षक विज्ञान (प्रयोगशाला) पद की परीक्षा तिथि अभी निर्धारित नहीं की गई है।
सहायक शिक्षक और शिक्षक पदों के लिए ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया पूरी हो चुकी है। व्याख्याता पदों के लिए आवेदन प्रक्रिया जल्द शुरू होने की जानकारी दी गई है।
आत्मानंद स्कूलों में 1,812 संविदा पद
स्कूल शिक्षा विभाग द्वारा स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालयों में 1,812 संविदा शैक्षणिक पदों पर भर्ती की जाएगी। इन पदों के लिए पहली बार केंद्रीकृत कंप्यूटर आधारित भर्ती परीक्षा आयोजित किए जाने की तैयारी है। भर्ती की अधिसूचना सितंबर में जारी करने और ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया अक्टूबर से शुरू करने की तैयारी बताई गई है।
सरकार का उद्देश्य प्रतियोगी परीक्षा के माध्यम से शिक्षकों की भर्ती कर शासकीय एवं उत्कृष्ट विद्यालयों में विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराना है।
