छत्तीसगढ़ के युवाओं के लिए बड़ा मौका: रायपुर में 7-8 अक्टूबर को राज्यस्तरीय रोजगार मेला

रायपुर। छत्तीसगढ़ के नौकरी की तलाश कर रहे युवाओं के लिए राजधानी रायपुर में बड़ा रोजगार अवसर सामने आया है। 7 और 8 अक्टूबर 2026 को बूढ़ापारा स्थित सरदार बलबीर सिंह जुनेजा इंडोर स्टेडियम में राज्यस्तरीय रोजगार मेले का आयोजन किया जाएगा। रोजगार विभाग के आधिकारिक पोर्टल पर इस आयोजन की पुष्टि की गई है।
हजारों पदों पर भर्ती, 10वीं पास से पोस्ट ग्रेजुएट तक अवसर
रोजगार मेले में 10वीं और 12वीं पास, ITI, डिप्लोमा, इंजीनियरिंग, स्नातक, MBA, MCA और अन्य स्नातकोत्तर योग्यता रखने वाले युवाओं के लिए अलग-अलग पद उपलब्ध हैं। तकनीकी क्षेत्र में मशीन ऑपरेटर, फिटर, वेल्डर, इलेक्ट्रिशियन, मैकेनिकल इंजीनियर और क्वालिटी इंस्पेक्टर जैसे पदों पर अवसर बताए गए हैं।
इसके अलावा कंप्यूटर ऑपरेटर, कस्टमर केयर एग्जीक्यूटिव, टेलीकॉलर, रिलेशनशिप मैनेजर, सेल्स एग्जीक्यूटिव, बैंकिंग-फाइनेंस, HR, नर्सिंग स्टाफ, केयर टेकर, सुरक्षा गार्ड, ड्राइवर, डिलीवरी कर्मी और पिकर-पैकर जैसे पद भी शामिल है।
निजी कंपनियां देंगी रोजगार के अवसर
मेले में विभिन्न निजी कंपनियों और प्लेसमेंट एजेंसियों की भागीदारी रहेगी। इनमें क्वेस कॉर्प, रैंडस्टैड इंडिया, सतलज टेक्सटाइल्स, वर्धमान टेक्सटाइल्स, जेनस पावर इंफ्रास्ट्रक्चर, एयरटेल पेमेंट बैंक, इंस्टाकार्ट, स्पंदना स्फूर्ति फाइनेंशियल, स्वतंत्र माइक्रोफिन, NIIT, आईसेक्ट और अन्य कंपनियां शामिल हैं।
ऑनलाइन आवेदन जरूरी
रोजगार मेले में शामिल होने के लिए अभ्यर्थियों को ई-रोजगार पोर्टल पर “रोजगार इच्छुक लॉगिन” के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर उपलब्ध रिक्तियों का चयन करना अनिवार्य है। केवल मेला स्थल पर पहुंचना पर्याप्त नहीं होगा।
अभ्यर्थी अपनी योग्यता, अनुभव और रुचि के अनुसार पद का चयन कर सकते हैं। नियोजक अभ्यर्थियों की प्रोफाइल के आधार पर प्रारंभिक चयन प्रक्रिया भी आगे बढ़ा सकेंगे।
8अक्टूबर को चयनित युवाओं को ऑफर लेटर
रोजगार मेले के दूसरे दिन 8 अक्टूबर को चयनित युवाओं को ऑफर लेटर वितरित किए जाने का कार्यक्रम प्रस्तावित है। इसमें मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और कौशल विकास एवं रोजगार मंत्री गुरु खुशवंत साहेब की भागीदारी प्रस्तावित है।
रोजगार के आंकड़े भी उत्साह बढ़ाने वाले
रोजगार विभाग के पोर्टल के अनुसार वित्त वर्ष 2026-27 में सितंबर तक 224 रोजगार मेलों के माध्यम से 8,878 अभ्यर्थियों का चयन दर्ज किया गया है।
युवाओं के लिए संदेश: नौकरी की तलाश कर रहे अभ्यर्थी अंतिम समय का इंतजार न करें। ई-रोजगार पोर्टल पर अपनी प्रोफाइल अपडेट कर पात्र पदों के लिए समय रहते आवेदन करें और निर्धारित तिथि पर आवश्यक दस्तावेजों के साथ रोजगार मेले में उपस्थित हों।
