NH-130 पर अंधेरे और झाड़ियों का खतरा, आए दिन दुर्घटनाओं का शिकार हो रहे राहगीर


कटघोरा। कटघोरा से अंबिकापुर जाने वाले राष्ट्रीय राजमार्ग क्रमांक NH-130 पर सड़क सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गंभीर लापरवाही सामने आ रही है। कटघोरा के निकट चकचकवा पहाड़ी से लेकर चंदनपुर तक एनएचएआई द्वारा लगाए गए स्ट्रीट लाइट कई दिनों से बंद पड़े हैं। इसके चलते रात के समय इस मार्ग से गुजरने वाले वाहन चालकों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, अंधेरे के कारण सड़क पर बैठे या घूमते मवेशी वाहन चालकों को समय रहते दिखाई नहीं देते, जिससे आए दिन दुर्घटनाओं की स्थिति बन रही है। कई बार वाहन चालक अचानक सामने आए मवेशियों को बचाने के प्रयास में स्वयं दुर्घटनाग्रस्त हो जाते हैं।
वहीं दूसरी ओर इस जगह पर डिवाइडर में लगाए गए कनेर के पौधे अब बड़े पेड़ों का रूप लेने लगे हैं। समय पर उनकी कटाई और छंटाई नहीं होने से सड़क पर दृश्यता प्रभावित हो रही है। लोगों का कहना है कि घने और बड़े हो चुके पौधों के कारण भी दुर्घटना का खतरा लगातार बढ़ता जा रहा है।
बताया जा रहा है कि राष्ट्रीय राजमार्ग की सड़क व्यवस्था और रखरखाव की जिम्मेदारी संबंधित एजेंसियों की होती है। इस मार्ग से गुजरने वाले वाहन चालकों से टोल शुल्क भी वसूला जाता है, बावजूद इसके सड़क पर बंद स्ट्रीट लाइट और बढ़ती झाड़ियों की समस्या का समाधान नहीं हो पा रहा है।
स्थानीय लोगों ने एनएचएआई और संबंधित अधिकारियों से जल्द बंद पड़ी स्ट्रीट लाइटों को चालू कराने तथा डिवाइडर में बढ़ चुके कनेर के पेड़ों की छंटाई कराने की मांग की है, ताकि संभावित दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाया जा सके।
