पत्रकार शिव कुमार शर्मा का निधन, कटघोरा में शोक की लहर

कटघोरा। कटघोरा के वरिष्ठ पत्रकार एवं पत्रकार संघ के सदस्य शिव कुमार शर्मा का शनिवार को हैदराबाद स्थित यशोदा अस्पताल में उपचार के दौरान निधन हो गया। वे लंबे समय से अस्वस्थ चल रहे थे और पिछले कुछ समय से हैदराबाद में उनका इलाज जारी था। उनके निधन की खबर मिलते ही कटघोरा सहित पूरे क्षेत्र के पत्रकार जगत और नगरवासियों में शोक की लहर दौड़ गई।
स्वर्गीय शिव कुमार शर्मा लंबे समय से प्रतिष्ठित समाचार पत्र ‘देशबंधु’ से जुड़े हुए थे और पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय रहकर अपनी सेवाएं दे रहे थे। सरल, सहज और मिलनसार व्यक्तित्व के कारण वे पत्रकार साथियों एवं नगरवासियों के बीच अपनी अलग पहचान रखते थे। उनके निधन से परिवार के साथ-साथ पत्रकारिता जगत में भी गहरा शोक व्याप्त है। वे अपने पीछे पत्नी , एक पुत्र और एक पुत्री समेत भरा-पूरा परिवार छोड़ गए हैं।
कटघोरा लाया जा रहा पार्थिव शरीर
निधन के बाद स्वर्गीय शिव कुमार शर्मा का पार्थिव शरीर एंबुलेंस के माध्यम से हैदराबाद से उनके गृह नगर कटघोरा लाया जा रहा है। परिजनों के अनुसार, उनका अंतिम संस्कार कल कटघोरा स्थित राधा सागर मुक्तिधाम में किया जाएगा।
उनके निधन की सूचना मिलते ही स्थानीय जनप्रतिनिधियों, गणमान्य नागरिकों, पत्रकार साथियों और शुभचिंतकों ने गहरा दुख व्यक्त किया। सभी ने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना करते हुए शोक संतप्त परिवार के प्रति अपनी संवेदनाएं व्यक्त की हैं।
