कटघोरा की तीन प्रमुख मांगो को लेकर 15 अगस्त से भूख हड़ताल पर बैठेगी मूल निवासी किसान संघ

कटघोरा की तीन प्रमुख समस्याओं पर बैठक बेनतीजा, आंदोलन जारी रखने का निर्णय
कटघोरा । नगर की प्रमुख जनसमस्याओं के समाधान की मांग को लेकर मूलनिवासी किसान संघ छत्तीसगढ़ द्वारा प्रस्तावित आंदोलन के मद्देनजर सोमवार को कटघोरा एसडीएम टी.एल. भारद्वाज की मध्यस्थता में नगर पालिका परिषद कटघोरा के सीएमओ मुद्रिका प्रसाद तिवारी एवं मूलनिवासी किसान संघ के प्रतिनिधियों के बीच बैठक हुई।
बैठक में संघ ने मुख्य रूप से तीन मांगें रखीं—शहर की सड़कों पर घूमने वाले घुमंतू पशुधन की उचित व्यवस्था, बस स्टैंड परिसर में सीसीटीवी कैमरों की स्थापना तथा बस स्टैंड स्थित सुलभ शौचालय में 24 घंटे निर्बाध सेवा के साथ कर्मचारियों की उपलब्धता।
संघ के प्रतिनिधियों के अनुसार, बैठक में इन मांगों पर नगर पालिका की ओर से कोई स्पष्ट एवं ठोस कार्ययोजना या समय-सीमा सामने नहीं रखी गई। संघ ने सीएमओ के जवाबों को गोलमोल बताते हुए कहा कि जनहित से जुड़े इन महत्वपूर्ण मामलों में स्पष्ट जवाबदेही और त्वरित कार्रवाई आवश्यक है।
बैठक के बाद मूलनिवासी किसान संघ ने 11 से 14 अगस्त तक पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार धरना प्रदर्शन जारी रखने का निर्णय लिया। संघ ने कहा कि यदि इसके बाद भी तीनों समस्याओं का स्थायी समाधान नहीं किया गया, तो 15 अगस्त को सुबह 10 बजे से भूख हड़ताल शुरू की जाएगी।
संघ के अध्यक्ष लालबहादुर सिंह कोर्राम ने कहा कि कटघोरा नगर की जनहित से जुड़ी समस्याओं की अनदेखी और लापरवाही अब स्वीकार नहीं की जाएगी। संघ ने नगर पालिका से तीनों मांगों पर तत्काल ठोस निर्णय लेकर स्थायी समाधान सुनिश्चित करने की मांग की है।
बैठक में मूलनिवासी किसान संघ इकाई कटघोरा की ओर से देव प्रसाद रत्नाकर, विजय जायसवाल, प्रमोद अग्रवाल, सैय्यद रफीक अहमद, राम सिंह सहित संघ के अध्यक्ष लालबहादुर सिंह कोर्राम उपस्थित रहे।
