Googly News Korba

276 x 101 copy
Big Breaking News
कोरबा न्यूज़

हाथियों की दहशत जारी: दंतैल हाथी झुंड में शामिल, गांवों में तोड़फोड़ एवं जनहानि से ग्रामीण भयभीत

कोरबा। कोरबा वन मंडल के करतला रेंज में पहुंचा दंतैल हाथी अब तीन हाथियों के झुंड में शामिल हो गया है। यह झुंड सक्ती रेंज की ओर बढ़ गया है। वहीं दूसरी ओर कटघोरा वन मंडल के केंदई रेंज में घूम रहा एक  अन्य दंतैल हाथी लगातार गांवों में घुसकर मकानों और फसलों को नुकसान पहुंचा रहा है, जिससे ग्रामीणों में दहशत का माहौल बना हुआ है।

बताया जा रहा है कि यह वही दंतैल हाथी है, जिसने कटघोरा और कोरबा क्षेत्र में बीते तीन दिनों के भीतर तीन ग्रामीणों की जान ले ली थी। इसके बाद वह करतला रेंज पहुंचा था। पिछले तीन दिनों से यह हाथी बड़मार क्षेत्र में झुंड में शामिल होने का प्रयास कर रहा था, लेकिन अन्य हाथी उसे भगा रहे थे। अब अंततः वह झुंड का हिस्सा बन गया है।
कोरबा वन मंडल में फिलहाल 11 हाथी सक्रिय हैं। इनमें कुदमुरा रेंज के ग्राम गुरमा में एक मादा हाथी अपने बच्चों के साथ घूम रही है। करतला रेंज के चिकनीपाली जंगल में 8 हाथी मौजूद हैं, जबकि केराकछार क्षेत्र में एक दंतैल हाथी सक्रिय है।
इस दंतैल हाथी ने ग्राम संदरी सेंद्रीपाली में गन्ने की फसल को नुकसान पहुंचाया है और एक बाउंड्रीवॉल भी तोड़ दी है, जिससे ग्रामीणों में भय व्याप्त है।

कटघोरा वन मंडल में 53 से अधिक हाथी  लंबे समय से मौजूद हैं। यहां अकेले घूम रहे एक दंतैल हाथी ने ग्राम अमाटिकरा के मोहल्ले में त्रिभुवन रावत के मकान को क्षतिग्रस्त कर दिया। घटना के समय त्रिभुवन रावत अपने परिवार के साथ दूसरे कमरे में छिपकर जान बचाने को मजबूर हुए। इससे पहले भी यही हाथी फुलसर और कोरबी गांवों में मकानों को नुकसान पहुंचा चुका है।



ग्रामीणों का कहना है कि हाथियों की मौजूदगी के कारण उन्हें रातभर जागना पड़ रहा है और शाम होते ही वे अपने घरों में सिमटने को मजबूर हैं। वन विभाग लोगों को जागरूक कर सावधानी बरतने की अपील कर रहा है, ताकि किसी भी तरह की जनहानि को रोका जा सके।