देहात की लड़की राजधानी से गायब : ढाई माह बाद भी नहीं ढूंढ पाई बांगो पुलिस

कटघोरा। बांगों थाने में सरोज यादव के 8 जुलाई को दर्ज गुमशुदगी के मामले पर आज ढाई माह बाद भी कोई प्रतिक्रिया नहीं होने पर परिजनों का बुरा हाल है । परिजनों ने 22 वर्षीया सरोज यादव को राजधानी से गायब करने में सगी मामी शिवकली का हाथ होना बताया है । घटना का विस्तार दिनांक 8 जुलाई को राजेश कुमार यादव ग्राम देव मट्टी की 22 वर्षीया पुत्री को पास के ही ग्राम लोड़ीबहरा में रहने वाली सगी मामी शिवकली ने जटगा बाजार घुमाने के नाम पर बुलवाया और दूसरे ही दिन रायपुर ले जाकर कहीं गायब करवा दी। परिजनों ने अपहरण की शंका कर थाने में गुहार लगाई । परिजनों का आरोप है कि थाना में गुमशुदा की रिपोर्ट दर्ज कर औपचारिकता तो पूरी कर दी गई परन्तु खोजबीन का प्रयास बिल्कुल भी नहीं किया गया।यदि घटना की जिम्मेदार शिवकली से कड़ी पूछताछ की गई होती तो निष्कर्ष सामने होता कि युवती किसी युवक के साथ अपने मर्जी से गई है,या फिर अपहरण हुई है या फिर कोई अनहोनी की शिकार हो गई है ?
परिजनों को इस बात की चिंता है कि उसकी पुत्री जीवित है भी कि नहीं। परिजनों के बताए अनुसार लड़की इतनी सीधी और भोली है कि अपने मर्जी से किसी भी लड़के के साथ जा ही नहीं सकती और न ही किसी लड़के से कोई संबंध होने की जानकारी है। बिना मोबाइल के एक दिन नहीं रह सकने वाली लड़की ढाई माह तक बिना मोबाइल के कैसे रह सकती है और यदि मोबाइल है तो कहीं न कहीं से बात हो ही जाती।
