नशीली दवाओं के सप्लायर अमन रंगे हाथों पकड़ाया: एनडीपीएस एक्ट की धाराओं के तहत अपराध दर्ज

बिलासपुर। बिलासपुर पुलिस ने नशीली दवाओं की अवैध सप्लाई करने वाले अमन सिंघल को रंगे हाथ पकड़ा है । उसके पास से Nitrazepam के 150 टैबलेट बरामद किए गए। बता दें कि यह दवा अनिद्रा (Insomnia) के इलाज में उपयोग होती है, लेकिन नशे के रूप में इसका दुरुपयोग बेहद खतरनाक है। इससे व्यक्ति को भ्रम होना, अवास्तविक चीजें देखना-सुनना, चिड़चिड़ापन, आक्रामकता और मानसिक असंतुलन जैसी गंभीर समस्याएँ हो सकती हैं। अमन सिंघल के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 21 और 22 के तहत अपराध दर्ज कर लिया गया है।
इस गिरफ्तारी का संबंध 25 अगस्त की रात तितली चौक मार्ग पर हुई चाकूबाजी की घटना से है। उस घटना में नशे की हालत में तीन युवकों ने विवाद के दौरान शहडोल निवासी समीर यादव पर चाकू से हमला किया था। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए 24 घंटे के भीतर ही दो नाबालिगों और अमन सारथी (निवासी – चिंगराजपारा) को गिरफ्तार कर लिया।
विवेचना में यह सामने आया कि इन युवकों को नशे का सामान राहुल सरकंडा बंगालीपारा निवासी उपलब्ध कराता था। पुलिस ने राहुल को भी गिरफ्तार किया और उसे भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 49 के तहत दुष्प्रेरणा का आरोपी बनाया।
राहुल से पूछताछ में खुलासा हुआ कि वह अमन सिंघल नामक युवक से नशीली दवाएँ खरीदता है। इसी इनपुट पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने ट्रैप बिछाकर अमन सिंघल को रंगे हाथ पकड़ लिया और भारी मात्रा में नशीली दवाएँ बरामद कीं।
बिलासपुर पुलिस के द्वारा अब केवल अपराध करने वाले पर ही नहीं, बल्कि नशे का सामान उपलब्ध कराने वाले हर व्यक्ति पर भी सीधा शिकंजा कसा जाएगा। पुलिस अब इस पूरे नेटवर्क की जड़ तक पहुँचकर सभी आरोपियों को कानून के दायरे में लाने के लिए प्रतिबद्ध है। गौरतलब हो कि आज के युवा पीढ़ी नशे की ओर तेजी से रुख कर रहे हैं और गांजा एवं इस तरह की नशीली दवाओं का उपयोग कर अपराध की ओर कदम बढ़ा रहे हैं ।इस दिशा में बिलासपुर पुलिस की तरह सभी थानों में पदस्थ पुलिस तत्परता दिखाए तो काफी हद तक अपराध में कमी लाया जा सकता है।
