ब्याज वसूली को लेकर धमकी और गाली गलौच की शिकायत, कार्रवाई की मांग : सूदखोरी का मामला

कोरबा । थाना दर्री क्षेत्र के ग्राम नीलगिरी नगोई खार निवासी एक व्यक्ति ने ब्याज पर लिए गए उधार की वसूली को लेकर गाली-गलौज, धमकी और मानसिक प्रताड़ना दिए जाने की शिकायत पुलिस से की है। पीड़ित घनश्याम पालकर ने आरोप लगाया है कि वर्ष 2020 में आर्थिक आवश्यकता के चलते उसने पड़ोसी से उधार राशि ली थी, जिसका मूलधन और अतिरिक्त बड़ी राशि वह नगद तथा फोन-पे के माध्यम से दे चुका है।
शिकायतकर्ता के अनुसार मूलधन लगभग 5.26 लाख रुपये था, जबकि उसने अब तक करीब 10.03 लाख रुपये लौटाने का दावा किया है। इसके बावजूद उस पर भारी ब्याज जोड़कर अतिरिक्त पांच लाख रुपये की मांग की जा रही है। उसने आरोप लगाया कि आरोपी पक्ष सुरेंद्र पटेल , नितेश पटेल द्वारा लगातार घर आकर, रास्ता रोककर तथा दुकान पर पहुंचकर गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी दी जा रही है।
आवेदन में उल्लेख किया गया है कि शिकायतकर्ता ने इस संबंध में 2 जून 2026 तथा 18 जून 2026 को थाना दर्री और सीएम पोर्टल में शिकायत दर्ज कराई थी। उसका कहना है कि अब तक कोई भी कार्रवाई नहीं हुई है, जिससे आरोपी पक्ष का मनोबल बढ़ा हुआ है।

शिकायतकर्ता ने 9 अगस्त 2026 की एक घटना का भी जिक्र किया है। उसके अनुसार वह अपनी पत्नी के साथ मेडिकल स्टोर खोलने गया था, तभी आरोपी पक्ष वहां पहुंचा और अभद्र व्यवहार करते हुए धमकी दी। पीड़ित ने कहा कि आरोपी ने पुलिस का एवं शिकायत का मजाक उड़ाते हुए उसे गंभीर परिणाम भुगतने की चेतावनी दी।
पीड़ित परिवार ने बताया कि लगातार मिल रही धमकियों से वह भय और तनाव में है तथा किसी अनहोनी की आशंका बनी हुई है। उन्होंने पुलिस प्रशासन से सुरक्षा प्रदान करने और मामले की निष्पक्ष जांच कर उचित कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है।
इस संबंध में पुलिस का पक्ष समाचार लिखे जाने तक प्राप्त नहीं हो सका है।
