Googly News Korba

276 x 101 copy
Big Breaking News
अंबिकापुर

कृषि विकास अधिकारी रिश्वत लेते रंगे हाथों पकड़ाया : रिश्वत के एक लाख सहित गिरफ्तार

अंबिकापुर । छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले में भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एंटी करप्शन ब्यूरो और आर्थिक अपराध अन्वेषण शाखा की संयुक्त टीम ने एक कृषि विकास अधिकारी को रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। आरोपी अधिकारी पर 3 लाख रुपए की घूस मांगने का आरोप है, जिसमें पहली किश्त के रूप में 1 लाख रुपए लेते हुए उसे रंगे हाथों पकड़ा गया। गिरफ्तार अधिकारी की पहचान सोहन लाल भगत के रूप में हुई है, जो बीज निरीक्षक और कृषि विकास अधिकारी के पद पर विकासखंड अंबिकापुर में पदस्थ था।

मामले की शिकायत  अजीत कुमार कश्यप ने की थी । अजीत कुमार कश्यप हैदराबाद की कंपनी साईं भव्या सीड्स में एरिया सेल्स मैनेजर के पद पर कार्यरत है। कंपनी धान और मक्का के बीजों की सप्लाई का कार्य करती है। शिकायत के अनुसार, अगस्त माह में बिक्री के बाद बचे हुए बीजों को कंपनी में वापस भेजने के लिए अंबिकापुर के दरिमा रोड स्थित मां महामाया कोल्ड स्टोरेज में रखा गया था। इसी दौरान आरोपी अधिकारी को बीज भंडारण की जानकारी मिली।आरोप है कि सोहन लाल भगत ने इस मामले में प्रार्थी को अवैध बीज भंडारण के झूठे आरोप में फंसाने की धमकी दी और कार्रवाई से बचाने के नाम पर 3 लाख रुपए की रिश्वत की मांग की। प्रार्थी रिश्वत देने के पक्ष में नहीं था और उसने आरोपी को रंगे हाथों पकड़वाने के उद्देश्य से एसीबी-ईओडब्ल्यू में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत मिलने के बाद टीम ने मामले का सत्यापन किया और जाल बिछाया। 12 अप्रैल को योजना के अनुसार प्रार्थी आरोपी को रिश्वत की पहली किश्त 1 लाख रुपए देने पहुंचा। जैसे ही आरोपी ने रकम ली, पहले से घात लगाए एसीबी-ईओडब्ल्यू की टीम ने उसे मौके पर ही रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तारी के बाद आरोपी से पूछताछ की जा रही है और उसके खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम 1988 (संशोधित 2018) की धारा 7 और 12 के तहत मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। इस कार्रवाई से सरकारी तंत्र में व्याप्त भ्रष्टाचार के खिलाफ सख्त संदेश गया है।