Googly News Korba

276 x 101 copy
Big Breaking News
सूरजपुर

रेस्ट हाउस में अश्लील डांस मामले में वन विभाग के दो अधिकारी निलंबित, FIR के भी निर्देश

सूरजपुर ।   वन विभाग के रेस्ट हाउस में अश्लील डांस का मामला सामने आने के बाद विभाग ने सख्त कार्रवाई की है। सोशल मीडिया पर वायरल हुए वीडियो के आधार पर वन विभाग ने दो अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है, जबकि एक वरिष्ठ अधिकारी को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है।

मिली जानकारी के अनुसार कुमेली स्थित वन विभाग रेस्ट हाउस में अश्लील डांस का वीडियो कुछ दिन पहले सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ था। वीडियो सामने आते ही मामले ने तूल पकड़ लिया और विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठने लगे।


मामले में डिप्टी रेंजर रविशंकर तिवारी और वन पाल शैलेश टीना लकड़ा को निलंबित कर दिया गया है। दोनों पर शासकीय कर्तव्यों में लापरवाही और विभाग की छवि धूमिल करने का आरोप है।


वहीं रामानुजनगर के तत्कालीन रेंजर आर.सी. प्रजापति को भी इस मामले में जिम्मेदार मानते हुए कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। उनसे स्पष्ट जवाब मांगा गया है कि रेस्ट हाउस में इस तरह की गतिविधियां कैसे हुईं।


वन मंडला अधिकारी (DFO) श्री पंकज कमल ने वीडियो में नजर आ रहे लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। इस संबंध में DFO ने पुलिस अधीक्षक (SP) को पत्र लिखकर FIR दर्ज कराने और पूरे मामले की जांच कराने की मांग की है।