Skip to main content

Googly News Korba

276 x 101 copy
Big Breaking News
छत्तीसगढ़ न्यूज़

छत्‍तीसगढ़ में घोषणा के 5 दिन बाद भी आदेश के इंतजार में शासकीय सेवक….

रायपुर। छत्‍तीसगढ़ में शासकीय सेवकों का महंगाई भत्‍ता (डीए) बढ़ाने की घोषणा हुए लगभग पांच दिन का समय बीत गया है, लेकिन यह कब से लागू होगा अभी यह स्‍पष्‍ट नहीं है, क्‍योंकि महंगाई भत्‍ता को लेकर अब तक आदेश जारी नहीं हुआ है।

19 तारीख को हुई थी घोषणा
छत्‍तीसगढ़ के शासकीय सेवकों को महंगाई भत्‍ता बढ़ाने की घोषणा 19 अगस्‍त को की गई थी। इसी दिन राज्‍य कैबिनेट की बैठक हुई थी। कैबिनेट की बैठक के बाद महंगाई भत्‍ता बढ़ाने की सूचना जारी की गई थी।

दो प्रतिशत बढ़ा महंगाई भत्‍ता
शासकीय सेवकों के महंगाई भत्‍ता में दो प्रतिशत की बढ़ोतरी की गई है, लेकिन अभी तक इसका आदेश जारी नहीं हुआ है। दो प्रतिशत महंगाई बढ़ने के साथ छत्‍तीसगढ़ के शासकीय सेवकों को मिलने वाला डीए 55 प्रतिशत हो जाएगा। केंद्र सरकार के सेवकों को भी महंगाई भत्‍ता 55 प्रतिशत मिल रहा है।

कब जारी होगा डीए का आदेश
महंगाई भत्‍ता में बढ़ोतरी की घोषणा के बाद से प्रदेश के शासकीय सेवक इसका आदेश जारी होने का इंतजार कर रहे हैं। अगले पांच दिनों में आदेश जारी हो जाता है तो इसका लाभ इसी महीने से मिल जाएगा। शासकीय सेवकों के अनुसार इस महीने आदेश जारी होने की संभावना कम ही नजर आ रही है।   

एरियर्स का क्‍या होगा
केंद्र के शासकीय सेवकों का महंगाई भत्‍ता 53 से बढ़ाकर 55 प्रतिशत करने की घोषणा मार्च 2025 में की गई थी, लेकिन इसका लाभ 1 जनवरी 2025 से मिल रहा है। छत्‍तीसगढ़ के शासकीय सेवकों को भी एक जनवरी 2025 से इसका लाभ मिलना है, लेकिन आठ महीने बाद घोषणा की गई है। ऐसे में प्रदेश के शासकीय सेवकों को इसका लाभ कब से मिलेगा यह आदेश जारी होने के बाद ही स्‍पष्‍ट होगा

लंबे समय से एरियर्स डंडी मार रही है सरकार
2019 के बाद से शासकीय सेवकों के एरियर्स में सरकार लगातार डंडी मार रही है। डीए बढ़ाने का आदेश देय तिथि के कई महीने बाद होता है। इसे घोषणा वाले महीने से लागू कर दिया जाता है। इसकी वजह से शासकीय सेवकों को आर्थिक झटका लग रहा है।