Googly News Korba

276 x 101 copy
Big Breaking News
छत्तीसगढ़ न्यूज़

नेशनल हाईवे पर तेज रफ्तार का कहर, बाइक सवार  एक की मौत दूसरा गंभीर

सरगुजा(गूगली न्यूज सी जी)। छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले में सड़क हादसों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। नेशनल हाईवे-130 पर अंबिकापुर-बिलासपुर मुख्यमार्ग में ग्राम जजगा के पास बीती रात एक दर्दनाक सड़क दुर्घटना में एक युवक की मौके पर मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। यह घटना लखनपुर थाना क्षेत्र की है, जहां तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने बाइक सवारों को जोरदार टक्कर मार दी और मौके से फरार हो गया। मिली जानकारी के अनुसार, जजगा डोकरनारा निवासी विकास कुमार (18 वर्ष) अपने साथी विजेंद्र पैकरा के साथ 22 अगस्त को किसी काम से लखनपुर आया हुआ था। देर रात दोनों युवक अपनी बाइक (क्रमांक सीजी 15 डीबी 2894) से घर लौट रहे थे। इसी दौरान जजगा मोड़ के पास उदयपुर से लखनपुर की ओर जा रहे एक अज्ञात वाहन ने तेज रफ्तार में उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और दोनों युवक सड़क पर दूर जा गिरे। मौके पर मौजूद राहगीरों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी और घायलों को एम्बुलेंस की मदद से अस्पताल पहुंचाया।

एक की मौत, एक की हालत गंभीर

लखनपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में पहुंचने पर डॉक्टरों ने विकास कुमार को मृत घोषित कर दिया। वहीं गंभीर रूप से घायल विजेंद्र पैकरा को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज हॉस्पिटल रेफर किया गया। फिलहाल विजेंद्र की हालत नाजुक बताई जा रही है। पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि दोनों युवक बिना हेलमेट पहने बाइक चला रहे थे। इस वजह से उन्हें सिर में गंभीर चोटें आईं, जो हादसे का कारण और भी भयावह बन गईं। लखनपुर पुलिस ने इस घटना में मर्ग कायम कर लिया है और अज्ञात वाहन की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है ताकि फरार वाहन और चालक की पहचान की जा सके। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से इस मार्ग पर स्पीड ब्रेकर और हाईवे पेट्रोलिंग बढ़ाने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके। गौरतलब है कि सरगुजा और आसपास के इलाकों में लगातार सड़क हादसे बढ़ रहे हैं। नेशनल हाईवे पर तेज रफ्तार और लापरवाह ड्राइविंग के चलते आए दिन लोगों की जान जा रही है। पुलिस और परिवहन विभाग बार-बार हेलमेट पहनने और ट्रैफिक नियमों का पालन करने की अपील कर रहे हैं, लेकिन लापरवाही के चलते हादसों का सिलसिला थम नहीं पा रहा है।