स्कूली बच्चों की बल्ले-बल्ले: दशहरा से शीतकालीन अवकाश तक 15 दिन की छुट्टी, देखें पूरा शेड्यूल

रायपुर। त्योहारों के मौसम के बीच छत्तीसगढ़ के स्कूली विद्यार्थियों के लिए राहत भरी खबर है। स्कूल शिक्षा विभाग ने शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए दशहरा, दीपावली और शीतकालीन अवकाश की तारीखों की घोषणा कर दी है। तीनों अवसरों को मिलाकर विद्यार्थियों को कुल 15 दिनों का अवकाश मिलेगा।
दशहरा में 5 दिन की छुट्टी
दशहरा पर्व के अवसर पर 17 अक्टूबर से 21 अक्टूबर 2026 तक स्कूलों में अवकाश रहेगा। यानी विद्यार्थियों को लगातार पांच दिनों की छुट्टी मिलेगी।
दीपावली पर भी 5 दिन अवकाश
दीपावली के त्योहार पर भी स्कूलों में पांच दिन की छुट्टी रहेगी। 6 नवंबर से 10 नवंबर 2026 तक विद्यालय बंद रहेंगे।
शीतकालीन अवकाश भी 5 दिन
सर्दियों की छुट्टियों की तारीख भी घोषित कर दी गई है। 24 दिसंबर से 28 दिसंबर 2026 तक शीतकालीन अवकाश रहेगा।
पिछले सत्र की तुलना में 3 दिन कम छुट्टी
शैक्षणिक सत्र 2025-26 में दशहरा, दीपावली और शीतकालीन अवकाश 6-6 दिनों का था। दशहरा पर 29 सितंबर से 4 अक्टूबर, दीपावली पर 20 से 25 अक्टूबर और शीतकालीन अवकाश 22 से 27 दिसंबर तक रहा था।
इस तरह पिछले सत्र में इन तीनों प्रमुख अवसरों पर कुल 18 दिनों का अवकाश मिला था, जबकि इस बार अवकाश की अवधि घटकर 15 दिन रह गई है।
2026-27 अवकाश कैलेंडर:
📌 दशहरा: 17 से 21 अक्टूबर — 5 दिन
📌 दीपावली: 6 से 10 नवंबर — 5 दिन
📌 शीतकालीन: 24 से 28 दिसंबर — 5 दिन
कुल अवकाश: 15 दिन
