सरगुजा में 11 पुलिस अधिकारियों के तबादले

अंबिकापुर। सरगुजा जिले में कानून व्यवस्था को और अधिक मजबूत करने के उद्देश्य से वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार अग्रवाल ने प्रशासनिक दृष्टिकोण से 11 पुलिस अधिकारियों के तबादले किए हैं। जारी आदेश के तहत छह निरीक्षक, दो उप निरीक्षक और तीन सहायक उप निरीक्षकों को तत्काल प्रभाव से नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। तबादलों को अंबिकापुर शहर सहित जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में पुलिसिंग को बेहतर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। सबसे बड़ा बदलाव अंबिकापुर कोतवाली और गांधीनगर थाना में किया गया है। सीतापुर थाना प्रभारी रहे उप निरीक्षक अखिलेश सिंह को अंबिकापुर कोतवाली का नया थाना प्रभारी बनाया गया है। वहीं, कोतवाली थाना प्रभारी निरीक्षक शशिकांत सिन्हा को गांधीनगर थाना प्रभारी की जिम्मेदारी दी गई है।
लुण्ड्रा थाना प्रभारी निरीक्षक प्रदीप जायसवाल को सीतापुर थाना प्रभारी बनाया गया है। वहीं, रक्षित केंद्र अंबिकापुर में पदस्थ निरीक्षक असफाक अहमद को लुण्ड्रा थाना प्रभारी की जिम्मेदारी सौंपी गई है। प्रशासनिक फेरबदल के तहत निरीक्षक लक्ष्मीनारायण साव को रक्षित केंद्र अंबिकापुर से थाना प्रभारी कमलेश्वरपुर नियुक्त किया गया है। इसके अलावा निरीक्षक राजेश खलखो, जो थाना प्रभारी दरिमा के पद पर थे, उन्हें रक्षित केंद्र अंबिकापुर भेजा गया है। निरीक्षक मनोज प्रजापति, थाना प्रभारी कमलेश्वरपुर को भी रक्षित केंद्र अंबिकापुर पदस्थ किया गया है।
