Skip to main content

Googly News Korba

276 x 101 copy
Big Breaking News
छत्तीसगढ़ स्पेशल

छत्तीसगढ़ में फिर दो अधिकारी कर्मचारी धरे गए : एसीबी की बड़ी कार्रवाई




रायपुर।   छत्तीसगढ़ में एसीबी की लगातार ताबड़तोड़ कार्यवाही से हड़कंप मची है। आज फिर  छत्तीसगढ़ में भ्रष्टाचार के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति के तहत एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो अलग-अलग जिलों कोंडागांव और अंबिकापुर में रिश्वत लेते हुए सरकारी अधिकारियों और कर्मचारियों को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है।


कोंडागांव जिले के बीईओ कार्यालय में पदस्थ बाबू सतीश सोढ़ी को एसीबी की टीम ने 40 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया है। जानकारी के अनुसार मिडिल स्कूल सरपंच पारा से सेवानिवृत्त शिक्षक सोनसिंह यादव अपनी पेंशन प्रारंभ कराने के लिए लंबे समय से कार्यालय के चक्कर काट रहे थे। आरोप है कि बाबू सतीश सोढ़ी ने पेंशन चालू कराने के बदले उनसे 40 हजार रुपये की मांग की थी। परेशान होकर पीड़ित शिक्षक ने एसीबी में शिकायत दर्ज कराई, जिसके बाद एसीबी जगदलपुर की टीम ने जाल बिछाकर आरोपी को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ पकड़ लिया।

दूसरी बड़ी कार्रवाई अंबिकापुर के गोधनपुर स्थित हाउसिंग बोर्ड के संभागीय कार्यालय में की गई, जहां एसीबी ने संभागीय कमिश्नर पीसी अग्रवाल और बाबू अनिल सिंह को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि कमिश्नर पीसी अग्रवाल ने एक ठेकेदार से काम के एवज में 50 हजार रुपये की रिश्वत की मांग की थी। शिकायत के आधार पर एसीबी की टीम ने दबिश देकर दोनों आरोपियों को मौके पर ही धर दबोचा।

फिलहाल एसीबी दोनों मामलों में आरोपियों को कार्यालय लाकर विस्तृत पूछताछ कर रही है। इन कार्रवाइयों से सरकारी महकमे में हड़कंप मच गया है और भ्रष्टाचार के खिलाफ एसीबी की सख्ती का स्पष्ट संदेश गया है।